home page

कुल्लू में 211 ग्राम चरस, हैश ऑयल और हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
कुल्लू में 211 ग्राम चरस, हैश ऑयल और हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार


कुल्लू, 02 जुलाई (हि.स.)। जिला कुल्लू पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 211 ग्राम चरस, 11 ग्राम हैश ऑयल और 3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली कार्रवाई पुलिस थाना मणिकर्ण के तहत पुलिस चौकी जरी की टीम ने डुंखरा चौक के समीप नाकेबंदी के दौरान की। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसके कब्जे से 211 ग्राम चरस और 11 ग्राम हैश ऑयल बरामद हुआ। आरोपी की पहचान मानव पाल (25) पुत्र जितेंद्र कुमार पाल, निवासी हजरतगंज, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना भुंतर की टीम ने गश्त के दौरान गड़सा ब्रिज (बजौरा) के नीचे की। यहां पुलिस को दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इस खेप के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे अवैध नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।

एसपी ने कहा कि नशा तस्करी के पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के उद्देश्य से मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह