home page

पेट्रोल पंप मैनेजर के रूम से नकदी चोरी में एक युवक गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। द्वारका इलाके में पेट्रोल पंप के मैनेजर रूम में घुसकर 15 हजार की नकदी तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन रसीदें चुराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान तनिष्क मल्होत्रा उर्फ नोनी (28) के रूप में हुई है। आरोपित ने दोस्त के साथ अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने के बहाने पेट्रोल पंप कर्मचारी से बहस कर वारदात को अंजाम दिया। उसके कब्जे से 1650 रुपये और ट्रांजैक्शन रसीदें बरामद की गई हैं। वारदात में शामिल आरोपित के दोस्त की तलाश की जा रही है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 20 फरवरी को द्वारका सेक्टर 1 स्थित पेट्रोल पंप से नकदी तथा पेमेंट ट्रांजैक्शन रसीदें चोरी होने की पीसीआर कॉल मिली थी। द्वारका साउथ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पेट्रोल पंप मैनेजर ने बताया कि दो लोग उनके पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल भरवाने आए थे। पेट्रोल पंप कर्मचारी से बहस कर उसका ध्यान भटकाकर एक व्यक्ति उनके रूम में गया। उस वक्त मैनेजर रूम में नहीं थे। मौका देखकर उस व्यक्ति ने वहां से नकदी और ट्रांजैक्शन रसीदें चुरा ली। दोनों व्यक्ति इसके बाद गाड़ी में बिना पेट्रोल भरवाए ही भाग निकले।

द्वारका साउथ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसके बाद एक खास सूचना पर जनकपुरी इलाके से तनिष्क मल्होत्रा उर्फ नोनी को पकड़ लिया गया। आरोपित ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ गाड़ी में पेट्रोल भरवाने गया था। वह 40 रुपये का पेट्रोल अपनी गाड़ी में डलवाना चाहता था। इस बात पर उसकी पेट्रोल पंप कर्मचारी से बहस हो गई। वह मैनेजर से मिलने गए लेकिन वहां मैनेजर नहीं था। वहां उन्होंने नकदी व ट्रांजैक्शन रसीद का बंडल देखकर उन्हें उठा लिया और मौके से भाग गए। पुलिस अब उसके दोस्त की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी