home page

डाबड़ी हत्या मामले में पुलिस का डबल एनकाउंटर, दो बदमाश दबोचे

 | 
डाबड़ी हत्या मामले में पुलिस का डबल एनकाउंटर, दो बदमाश दबोचे


नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के डाबड़ी इलाके में हुई हत्या और चाकूबाजी की वारदातों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपिताें को अलग-अलग मुठभेड़ों में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए इन्हें घायल कर दबोच लिया। दोनों आरोपिताें के पैर में गोली लगी है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने मंगलवार को बताया कि 29 मार्च की रात मधु विहार इलाके में महज 15 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों पर चाकू से हमला किया गया था। पहली घटना में दुर्गा माता मंदिर के पास गोविंद झा (39) को गंभीर रूप से घायल किया गया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी घटना में हनी, अनीश और रोहित नामक तीन युवक घायल हुए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले की स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) की टीमें गठित की गईं।

सेक्टर-17 में पहला एनकाउंटर

पुलिस उपायुक्त के अनुसार स्पेशल स्टाफ की टीम ने 30 मार्च को सेक्टर-17 द्वारका के पास रोहित कुमार उर्फ नॉडी (21) को घेर लिया। आत्मसमर्पण के आदेश के बावजूद उसने पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह के बेहद करीब से निकल गई। जवाब में पुलिस ने दो राउंड फायर किए। इसमें रोहित के पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया। मौके से पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद हुए।

नजफगढ़ नाला रोड पर दूसरा एनकाउंटर

दूसरी कार्रवाई में जिले की एएटीएस टीम ने मुख्य आरोपित प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशु (21) को नजफगढ़ नाला रोड पर घेर लिया। उसने भी पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के पास से हथियार और चोरी की स्कूटी बरामद हुई।

पुलिस जांच में सामने आया कि रोहित हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था, जबकि प्रेम पहले भी अपहरण और हत्या के मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले को सांप्रदायिक रंग देने की अफवाहें भ्रामक हैं और ऐसा कोई एंगल जांच में सामने नहीं आया है। द्वारका पुलिस ने कहा कि अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी