ऑपरेशन 'चक्र' में द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन, 72 घंटे में 30 ऑटो लिफ्टर दबोचे, 64 चोरी के वाहन बरामद
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए द्वारका जिला पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान 'ऑपरेशन चक्र' चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 30 ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार कर 64 चोरी के वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में 61 दोपहिया और तीन चारपहिया वाहन शामिल हैं। इन बरामदगी के साथ वाहन चोरी के 64 मामलों का भी खुलासा हुआ है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य वाहन चोर गिरोहों, चोरी के वाहन खरीदने-बेचने वाले नेटवर्क और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसना था। अभियान में जिले के सभी थाना पुलिस के अलावा एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने प्रमुख भूमिका निभाई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान खुफिया सूचना के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) सिस्टम की मदद से संदिग्ध वाहनों की निगरानी की गई और जिलेभर में व्यापक स्तर पर पिकेट चेकिंग अभियान चलाया गया। संवेदनशील पार्किंग स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए 30 आरोपिताें में 17 ऐसे अपराधी हैं, जो पहले भी वाहन चोरी सहित विभिन्न मामलों में शामिल रह चुके हैं। वहीं चार घोषित बदमाश (बैड कैरेक्टर) भी पुलिस के हत्थे चढ़े। बरामद किए गए 64 वाहनों में से 36 वाहन चिन्हित पार्किंग स्थलों से, 23 आदतन वाहन चोरों के कब्जे से, तीन पिकेट चेकिंग के दौरान और दो वाहन एएनपीआर तकनीक की मदद से बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन चक्र का उद्देश्य केवल चोरी के वाहन बरामद करना नहीं, बल्कि वाहन चोरी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

