हत्या की गुत्थी सुलझी, दाे आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में अखिलेश मंडल हत्याकांड की गुत्थी से पर्दा उठाते हुए उनके मकान मालिक अनिल ठाकुर (66) और उसके सहयोगी राजू कुमार (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा और खून से सने आरोपितों के कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपितों ने खुलासा किया है कि अखिलेश बार-बार कहने पर भी अनिल का मकान खाली नहीं कर रहा था। वहीं अपनी पत्नी की मौत के बाद अखिलेश राजू की पत्नी पर बुरी नजर रखता था। इसी बात पर दोनों आरोपितों ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने बुधवार को बताया कि 12 जुलाई को द्वारका नॉर्थ थाना एरिया में कारगिल चौक के पास नाले के किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस को मृतक के पास से उसकी पहचान का कोई कागज नहीं मिला।
मामले की जांच के लिए स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर कमलेश कुमार, स्थानीय पुलिस व अन्यों की टीम का गठन किया गया। करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल करने के बाद मृतक की पहचान नजफगढ़ निवासी अखिलेश मंडल के रूप में हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में घटना स्थल के पास अनिल एवं राजू को भी देखा। इस आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना अपराध कबूल किया। अनिल ने बताया कि अखिलेश उनके मकान में पिछले करीब 3 साल से ग्राउंड फ्लोर पर किराए पर रह रहा था। उसे शराब पीने की लत थी। वह अक्सर अखिलेश से झगड़ा करता था। कहने पर वह मकान खाली नहीं कर रहा था।
अनिल ने मकान बेचने का भी प्रयास किया तो अखिलेश मकान भी नहीं बिकने दे रहा था। इस बात पर अनिल ने उसकी हत्या की योजना बनाई। वहीं अखिलेश की पत्नी की तीन माह पूर्व कैंसर से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने रिश्तेदार राजू की पत्नी पर बुरी नजर रखने लगा था। राजू भी उससे इसी का बदला लेना चाहता था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

