मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में थे वांछित
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित हत्या के प्रयास के मामले में वांछित थे और कुख्यात विक्की टक्कर गैंग से जुड़े हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। गिरफ्तार आरोपित जतिन शर्मा (27) महावीर एन्क्लेव का रहने वाला है और उसके खिलाफ चोरी, लूट एवं झपटमारी के 23 मामले दर्ज हैं। वहीं, पवन भंडारी (26) पर भी लूट के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ सेक्टर-23 द्वारका थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल शाल सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि आठ अप्रैल को डाबड़ी इलाके में महेंद्र सिंह नामक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल पीड़ित बयान देने की स्थिति में नहीं था। इस मामले में 9 अप्रैल को डाबड़ी थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। जांच में जतिन शर्मा और पवन भंडारी का नाम सामने आया, जो इलाके में दहशत फैलाने और दुकानदारों से रंगदारी मांगने में लगे थे। पुलिस उपायुक्त ओ अनुसार 16-17 अप्रैल की रात एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली कि दोनों आरोपित नजफगढ़ की ओर से धूलसिरस चौक के पास आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाया। रात करीब 2:10 बजे स्कूटी पर आते दिखे दोनों आरोपिताें को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपित जतिन शर्मा द्वारा चलाई गई गोली सिपाही शिवराम की बुलेट प्रूफ जैकेट में जा लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली जतिन के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपिताें को मौके से काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खाली खोखे बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी चोरी की निकली, जो बिंदापुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

