home page

अमेजन की खेप से 1500 वीवो मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, डेढ़ करोड़ के 604 मोबाइल बरामद, तीन गिरफ्तार

 | 
अमेजन की खेप से 1500 वीवो मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, डेढ़ करोड़ के 604 मोबाइल बरामद, तीन गिरफ्तार


नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। अमेजन के गुरुग्राम वेयरहाउस के लिए भेजी जा रही वीवो मोबाइल फोन की खेप से करीब 1500 मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का द्वारका जिले की सेक्टर-23 थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर बुलंदशहर स्थित एक बाग से 604 नए वीवो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपित ट्रांजिट के दौरान महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की खेप को निशाना बनाकर चोरी करते थे और बाद में अपने नेटवर्क के जरिए बाजार में खपा देते थे।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के अनुसार, 20 जून को सेक्टर-23 थाने में गोदाम प्रबंधक रवि की शिकायत पर ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 4500 नए वीवो मोबाइल फोन ट्रक में लोड कर गुरुग्राम स्थित अमेजन वेयरहाउस भेजे जा रहे थे। रास्ते में ट्रक चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 1500 मोबाइल फोन खेप से निकाल लिए। इसके बाद ट्रक को शेष सामान सहित गुरुग्राम में छोड़कर फरार हो गया।

तीन आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में पंकज उर्फ धीरेंद्र निवासी नगला फरीद, जिला एटा (उप्र), आनंद उर्फ रुद्रेश निवासी नगला फरीद, जिला एटा और मोहित उर्फ पुंडीर निवासी टिकरी कलां, जिला हाथरस को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि तीनों पहले भी अलग-अलग राज्यों में मोबाइल फोन और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान की खेप चोरी करने के मामलों में शामिल रह चुके हैं।

200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों ने खोली परतें

मामले की जांच के लिए सेक्टर-23 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित रूट तक लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और मैनुअल जांच के दौरान पुलिस को एक पिकअप वाहन की जानकारी मिली, जिसका इस्तेमाल चोरी किए गए मोबाइल फोन ले जाने में किया गया था।

जांच में पता चला कि यह पिकअप वाहन और चोरी के कुछ मोबाइल फोन उप्र के नॉलेज पार्क थाना पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। वहां इस मामले में तीनों आरोपित गिरफ्तार थे। इसके बाद द्वारका पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर तीनों को इस मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन को बुलंदशहर जिले के भिघेपुर गांव स्थित एक बाग में छिपाकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां छापा मारकर 604 नए वीवो मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। यह बरामदगी पुलिस रिमांड के दौरान हुई।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और ट्रांजिट के दौरान महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदे ट्रकों को निशाना बनाते थे। खेप से सामान निकालने के बाद उसे अपने अन्य साथियों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया जाता था और बाद में बाजार में बेच दिया जाता था। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के बाकी मोबाइल फोन के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी