home page

डाबडी में चाकूबाजी, एक की मौत, कई टीमें आरोपितों की तलाश में जुटीं

 | 
डाबडी में चाकूबाजी, एक की मौत, कई टीमें आरोपितों की तलाश में जुटीं


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। द्वारका जिले के डाबडी इलाके में रविवार रात मामूली झगड़ा खूनी वारदात में बदल गया, जब दो युवकों ने चार लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 32 वर्षीय गोविंद झा की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं सोशल मीडिया पर इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिशों के चलते पुलिस अलर्ट हो गई है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस के अनुसार, वारदात राजा पुरी (मधु विहार) इलाके में हुई। सूचना मिलते ही डाबडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद झा को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की पहचान परवेज हुसैन, अनीस और रोहित के रूप में हुई है, जिनका इलाज जारी है।

द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस मामले में हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहित का दो युवकों से पहले से विवाद चल रहा था। रविवार रात दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई, जिस दौरान परवेज और अनीस बीच बचाव के लिए पहुंचे। इसी दौरान डिलीवरी का काम करने वाला गोविंद झा भी मौके पर आ गया और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगा। तभी आरोपितों ने चारों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

मृतक गोविंद झा मोहन गार्डन इलाके का रहने वाला था और पेशे से डिलीवरी ब्वॉय था। उसके परिवार में पत्नी और 11 साल का बेटा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घायल तीनों युवक मधु विहार इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

इस बीच, सोशल मीडिया पर घटना को सांप्रदायिक हिंसा से जोड़कर फैलाए जा रहे संदेशों को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह घटना आपसी विवाद का परिणाम है, इसमें किसी प्रकार का सांप्रदायिक एंगल नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी