धार : दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार
धार, 28 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की गिरफ्तारी सोमवार को की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
धामनोद थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि 24 सितंबर को पीड़िता दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत में भुट्टे लेने गई थी। इसी दौरान आरोपित हेमंत पुत्र प्रकाश बड़तिया, निवासी ग्राम ब्रह्मकुंडी, उसे कथित तौर पर जबरन पास के मक्का के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर धामनोद थाने में आरोपित के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार था।
आरोपित की तलाश के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। लगातार किए जा रहे प्रयासों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित को अभिरक्षा में लिया। इसके बाद सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

