बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला आराेपित पकड़ा गया
बक्सर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ उसी के पड़ोसी युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपित पड़ोसी ही हैं। दोनों के परिवार सरकारी विभागों में कार्यरत हैं, जिससे दोनों परिवारों के बीच जान-पहचान थी। बुधवार की सुबह जब घर पर सन्नाटा था, इसी दौरान आरोपित युवक ने मौका पाकर मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद बच्ची बुरी तरह डरी और सहमी हुई थी। जब वह किसी तरह अपने घर पहुंची, तो उसने आपबीती अपने परिजनों को बताई। बेटी की बात सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना की जानकारी मिली, तत्काल पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल जांच) के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। इसके साथ ही, पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी युवक को धर दबोचा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

