सड़क हादसे में युवक की मौत, बाइक में लगी आग; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
खाचरौद, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन-जावरा स्टेट हाईवे-17 पर सोमवार शाम ग्राम बेड़ावन्या के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई। हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। करीब ढाई घंटे चले विरोध प्रदर्शन के बाद रात 10 बजे ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि आठ दिन में दुर्घटना संभावित स्थल (ब्लैक स्पॉट) दुरुस्त नहीं किए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, बिरलाग्राम निवासी गजानन पिता हितेंद्र साहनी (26) और नीरज पिता संतोष (22) सोमवार शाम पल्सर बाइक से जावरा से नागदा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेड़ावन्या के मोड़ के पास सामने से आ रही ईको कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और बाइक में आग लग गई। हादसे में नीरज पास ही स्थित कुएं में जा गिरा, जबकि गजानन की मौके पर ही मौत हो गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा नेता लखन गुर्जर ने कुएं में गिरे युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए खाचरौद, नागदा मंडी और बिरलाग्राम थानों का पुलिस बल तैनात किया गया।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत ने ग्रामीणों से चर्चा की। इसके बाद रात 10 बजे ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और आठ दिन में ब्लैक स्पॉट खत्म करने की मांग की। खाचरौद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह नागदा अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi

