home page

दुर्गापुर में नाबालिगों से पैसे देकर रक्तदान के मामले में ओडिशा से कॉलेज छात्र गिरफ्तार

 | 

दुर्गापुर, 13 अगस्त (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में नाबालिग स्कूली छात्रों को पैसे देकर उनसे रक्त लेने के मामले में पुलिस ने एक कॉलेज छात्र को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार छात्र गिरोह के प्रमुख सदस्यों में से एक है। उसे बुधवार रात ओडिशा से गिरफ्तार कर दुर्गापुर लाया गया। गिरफ्तार कॉलेज छात्र दुर्गापुर के आड़ा शिवतला इलाके के पास स्थित एक निजी कॉलेज का छात्र है। उसका घर न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के स्टील पार्क इलाके में बताया गया है। गुरुवार को उसे दुर्गापुर अनुमंडल अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले में अब तक कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, आरोप है कि उक्त गिरोह नाबालिग स्कूली छात्रों को 200 से 300 रुपये देकर उनसे रक्त लेता था। इसके लिए छात्रों के आधार कार्ड में कथित तौर पर हेरफेर कर उनकी उम्र अधिक दिखाई जाती थी। पुलिस को संदेह है कि गिरफ्तार कॉलेज छात्र आधार कार्ड में उम्र से संबंधित कथित हेरफेर करने में शामिल था। नियमों के अनुसार, 18 वर्ष से कम उम्र का व्यक्ति रक्तदान नहीं कर सकता। आरोप है कि दुर्गापुर स्टील टाउनशिप के एक स्कूल के कुछ छात्रों से पैसे देकर रक्त लिया जा रहा था और दस्तावेजों में उनकी उम्र बढ़ाकर उन्हें वयस्क दिखाया जाता था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के अभिभावकों ने दुर्गापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में स्थानीय एक निजी अस्पताल का नाम भी सामने आया था। इसके बाद आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की कार्रवाई शुरू होने के बाद मामले का एक प्रमुख आरोपित फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात ओडिशा में छापेमारी कर कॉलेज छात्र को गिरफ्तार कर लिया और उसे दुर्गापुर लाया गया।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग छात्रों से कितनी बार रक्त लिया गया, इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कथित तौर पर तैयार किए गए दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा