home page

दुर्ग जिले में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, पूरे गांव में दहशत का माहौल

 | 
दुर्ग जिले में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, पूरे गांव में दहशत का माहौल


दुर्ग, 03 अगस्त (हि.स.)। दुर्ग जिले में जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की बीती आधी रात चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके और गांव में दहशत का माहौल है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार चार आरोपितों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है । पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप अपने साथी के साथ भिलाई से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात लगभग 12 बजे के बीच धमधा रोड पर (करहीडीह से चिखली चौक के बीच) बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें लूटने की नीयत से रोका और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और चश्मदीद साथी से पूछताछ कर रही है, साथ ही आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी गई है।

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने आज मामले की जानकारी देते हुए कहा है कि शुरुआती जांच और चश्मदीद के बयानों से यह बात सामने आई है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से उपसरपंच को रोका था और विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद से ही आरोपितों की पहचान करने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। वारदात वाली जगह के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपितों की तलाश में लगा दी गई हैं, हम जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लेंगे।आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों ने विशेष क्राइम स्क्वाड (क्राइम ब्रांच) और स्थानीय थानों की अलग-अलग टीमें बनाई हैं जो संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

बताया जा रहा है कि चार आरोपित बाइक पर सवार होकर लूट की नीयत से उपसरपंच को चाकू मारा और मोबाइल समेत 4 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। वहीं उपसरपंच के साथी ने भागकर अपनी जान बचाई।मृतक की पत्नी तुमाकला गांव की सरपंच है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा