home page

डूंगरपुर पुलिस का विशेष अभियान, 238 स्थानों पर दबिश देकर 105 आरोपित गिरफ्तार

 | 
डूंगरपुर पुलिस का विशेष अभियान, 238 स्थानों पर दबिश देकर 105 आरोपित गिरफ्तार


डूंगरपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए डूंगरपुर पुलिस ने शनिवार रात व्यापक 'एरिया डोमिनेशन' अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान में जिलेभर की 40 पुलिस टीमों के 166 अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ 238 संदिग्ध एवं वांछित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 105 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी तथा धारा 335 के तहत चार आरोपितों को पकड़ा गया। सामान्य आपराधिक मामलों में वांछित नौ अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने निवारक कार्रवाई करते हुए धारा 170 के तहत 81 लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं जिले के 35 चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कर उन्हें पाबंद किया गया। संपत्ति संबंधी अपराधों और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में पूर्व में चालानशुदा पांच अपराधियों से पूछताछ की गई तथा लोकल स्पेशल एक्ट के तहत आठ प्रकरणों में कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान अवैध खनन और अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कुआं थाना पुलिस ने अवैध रूप से पत्थर परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए खनन विभाग को सूचना दी। वहीं सदर थाना पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 400 लीटर महुआ वॉश मौके पर ही नष्ट कर दिया।पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष