डूंगरपुर में ऑपरेशन संस्कार के तहत 22 पावर बाइक जब्त, छह युवक गिरफ्तार
डूंगरपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डूंगरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन संस्कार’ के तहत कार्रवाई करते हुए 22 पावर बाइक जब्त की और छह युवकों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर जिला स्तर पर गठित विशेष टीमों ने कोतवाली, बिछीवाड़ा और धम्बोला सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बेवजह घूमने और हुड़दंग करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के जरिए दहशत फैलाने वाली 22 पावर बाइक मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जब्त की गईं। वहीं शांति व्यवस्था में खलल की आशंका में छह युवकों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंद पुत्र मोहनलाल बरण्डा निवासी बलवाड़ा थाना कोतवाली, अश्विन पुत्र विश्राम अहारी, चंदूलाल पुत्र प्रकाश अहारी और निलेश पुत्र रामा अहारी निवासी मानातलाई थाना रामसागड़ा, राहुल पुत्र जीवा रोत निवासी लोलकपुर थाना वरदा तथा देवीलाल पुत्र भगवानलाल परमार निवासी सिदड़ी भाटड़ा थाना दोवड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आमजन, महिलाओं और अभिभावकों से अपील की है कि गली-मोहल्ले, बाजार या शैक्षणिक संस्थानों के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने अथवा महिलाओं की सुरक्षा एवं शांति प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

