डूंगरपुर में फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
डूंगरपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ और जिला पुलिस के ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत साइबर थाना डूंगरपुर पुलिस ने फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित युवतियां उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से अलग-अलग बहानों से रुपये ऐंठता था और ठगी की रकम अपनी मृत दादी के बैंक खाते में जमा करवाता था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में संदिग्ध लेन-देन को लेकर साइबर पुलिस पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर शिकायतें मिली थीं। साइबर थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर खाते के बैंक स्टेटमेंट और केवाईसी दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि जसपुर झापका निवासी पंकज पाटीदार फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लोगों को युवतियां उपलब्ध कराने का झांसा देता था। इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर उनसे रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा करवाता था।
पुलिस ने बताया कि जिस खाते में ठगी की रकम जमा कराई जाती थी, वह आरोपित की मृत दादी के नाम पर था। खाते के रिकॉर्ड की जांच में अब तक 20 लाख 65 हजार 875 रुपये का लेन-देन सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपित इस खाते से रकम निकालकर निजी खर्च में इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने आरोपित पंकज पाटीदार पुत्र परतु पाटीदार, निवासी जसपुर झापका, थाना दोवड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 13,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

