home page

सागरः बीना रिफाइनरी के गेट नंबर एक से चोरी हुआ डंपर राजस्थान से बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

 | 
सागरः बीना रिफाइनरी के गेट नंबर एक से चोरी हुआ डंपर राजस्थान से बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार


सागर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बीना के आगासौद थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना रिफाइनरी के गेट नंबर एक स्थित पार्किंग से बीते दिनों चोरी हुआ डंपर पुलिस ने राजस्थान से बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा है।

आगासौद थाना प्रभारी अनुपमा शर्मा ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि फरियादी की शिकायत पर तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। रिफाइनरी परिसर व आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की लोकेशन राजस्थान के बलौदरा क्षेत्र में पाई गई। सूचना मिलते ही आगासौद थाना पुलिस की टीम ने राजस्थान के बलौदरा में दबिश देकर घेराबंदी की और चोरी के डंपर के साथ तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की उम्र 22 से 24 वर्ष के बीच है।

पुलिस द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने बीना रिफाइनरी के गेट नंबर एक की पार्किंग से डंपर चुराने का अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गया डंपर जब्त कर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और तीनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

थाना प्रभारी अनुपमा शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार युवकों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किसी बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का हिस्सा तो नहीं हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और व्यवसायियों ने सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे