पुलिस चौकी परिसर से डंपर चुरा ले गए तस्कर
जोधपुर, 11 मई (हि.स.)। शहर में बेखौफ बजरी माफिया पुलिस चौकी परिसर में खड़े डंपर को चुरा ले गया। बजरी को किसी दूसरी जगह खाली करके आया और फिर वापस डंपर चौकी में खड़ा करके चला गया। मामला लूणी थाने की धुंधाड़ा चौकी का है। घटना के बाद चौकी के एएसआई उमेश चंद्र की ओर से चोरी का मामला दर्ज कराया गया है। सूत्रों की मानें तो इस घटना में चौकी के ही किसी स्टाफ की मिलीभगत की जांच की जा रही है।
एएसआई उमेश चंद्र ने रिपोर्ट देकर बताया कि गत सात मई की रात एएसआई मुकेश कुमार, कांस्टेबल विकास कुमार व ड्राइवर भरत कुमार रात्रि गश्त पर थे। आठ मई के तडक़े पुलिस टीम ने ओवरलोड और दस्तावेजों के अभाव में बजरी से भरे तीन डंपरों को जब्त किया था। तीनों डंपरों को धुंधाड़ा चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया गया था। इनमें से एक डंपर को खेड़ापा थाना क्षेत्र के बारा खुर्द निवासी मुकेश जाट पुत्र धुड़ाराम जाट के कब्जे से जब्त किया गया था। इसके बाद 9 और 10 मई की दरम्यानी रात को एएसआई उमेश चंद्र गश्त पर थे। इस दौरान धुंधाड़ा में एक पेट्रोल पंप के सामने अवैध खनन कर रही जेसीबी को जब्त किया। उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस संबंध में लूणी थाने में अलग से मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एएसआई वापस गश्त करते हुए धुंधाड़ा चौकी पहुंचे। उन्हें मुकेश जाट से जब्त किया गया बजरी का डंपर खाली नजर आया।
जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस चौकी परिसर में खड़े डंपर को रात के समय चौकी से निकाला। डंपर को किसी अन्य स्थान पर ले गया। उसमें भरी पूरी बजरी खाली की। फिर खाली डंपर को वापस चौकी परिसर में लाकर खड़ा कर दिया। पुलिस ने इस वारदात को लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई लिखमाराम को सौंपी गई है। पुलिस अब चोरी की गई बजरी बरामद करने और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

