home page

यमुनानगर:तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, दो घायल

 | 

यमुनानगर, 23 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के साढौरा क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि उसके साथ सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव फाजलपुर के समीप यह दुर्घटना उस समय हुई, जब ताज मोहम्मद अपनी पोती आयशा और बेटी हिना के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान आयशा गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि ताज मोहम्मद और हिना को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने आयशा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार