home page

खनन अधिकारी को धमकाने में डंपर चालक गिरफ्तार, मिली जमानत

 | 
खनन अधिकारी को धमकाने में डंपर चालक गिरफ्तार, मिली जमानत


मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में चेकिंग के दौरान खनन अधिकारी से गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने वाले डंपर चालक को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई है।

खनन अधिकारी राघवेंद्र सिंह टीम के साथ दो दिन पहले शनिवार को जिले के थाना कांठ क्षेत्र में कांठ-करनपुर मार्ग स्थित खूंटखेड़ा चेक-पोस्ट पर चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने करनपुर की ओर से आ रहे डंपर को रुकने का इशारा किया था, जिस पर डंपर चालक ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी और डंपर लेकर भाग गया था। सोमवार सुबह खनन अधिकारी ने पुलिस की मदद से मिश्रीपुर तिराहा पर डंपर को पकड़ लिया। वहीं, जांच में पाया गया था कि डंपर में रेत भरा हुआ है, जिसे अवैध खनन कर चोरी से ले जाया जा रहा था।

खनन अधिकारी ने डंपर चालक पर गाली-गलौज करने, धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, ओवरलोडिंग, अवैध खनन आदि के आरोप में और डंपर के अज्ञात स्वामी पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल