यमुनानगर : अदालत में फर्जी आरोपी पेश करने का प्रयास, धरा गया
यमुनानगर, 31 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में अदालत में एक आरोपी के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को पेश करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस प्रकरण में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार काे बताया कि यह मामला थाना गांधीनगर से संबंधित एक प्रकरण के दौरान सामने आया, जिसमें आरोपी के बयान दर्ज किए जाने थे। इसी दौरान वास्तविक आरोपी की जगह एक अन्य व्यक्ति को अदालत में प्रस्तुत किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया और रूप बदलने के लिए कृत्रिम बालों का सहारा लिया। अदालत में पूछताछ के दौरान जब उससे व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई, तो वह अपने पारिवारिक विवरण सही ढंग से नहीं बता सका। इससे संदेह उत्पन्न हुआ। स्थिति स्पष्ट होने से पहले ही वह व्यक्ति बहाना बनाकर अदालत परिसर से निकल गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ समय बाद पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान यमुनानगर निवासी मस्तान शाह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि वह एक अन्य आरोपी की जगह अदालत में पेश होने आया था, जिसके खिलाफ पहले से धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन, नकदी, डेबिट कार्ड और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में आवश्यक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही वास्तविक आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

