दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
हाथरस, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में सादाबाद कस्बे के बाईपास इलाके में पूर्व फौजी दंपती की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार काे फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल, पीली धातु के दो कान की बालियां, दो कुंडल, दो चूड़ियां और छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि आगरा के चाैपाल गली, नई बस्ती निवासी गाैरव सिकरवार को सरौठ बंबा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल, पीली धातु के दो कान की बालियां, दो कुंडल, दो चूड़ियां और छह हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि 26 सितंबर की रात मोहल्ला इस्लामनगर में शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की मकान की पहली मंजिल पर धारदार एवं नुकीले हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने 30 सितंबर को कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपित और एक आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पूछताछ के दौरान पुलिस को मुख्य सूत्रधार के रूप में गौरव सिकरवार समेत एक अन्य आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने 30 सितंबर को दोनों आरोपिताें पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने एक सूचना के बाद आराेपित गौरव को सरौठ बंबा से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

