जंगल के रास्ते गुजरात जा रही तीन लाख की अवैध शराब के साथ कार जब्त, तस्कर फरार
डूंगरपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बुधवार रात बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य की विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक होंडा अमेज कार को भी जब्त किया है, हालांकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
जिला पुलिस अधीक्षक के निकट सुपरविजन में जिले में हो रही अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु गठित डीएसटी टीम को बिछीवाड़ा थाना सर्किल के पालीसोडा-पाटिया मार्ग के जंगल रास्ते से होकर गुजरात की ओर अवैध शराब ले जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना पर डीएसटी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहनपाल सिंह के नेतृत्व में टीम द्वारा अलग-अलग जगहों पर रेकी की गई और पालीसोडा-पाटिया मार्ग पर आकस्मिक नाकाबंदी शुरू की गई।
नाकाबंदी के दौरान मुखबिरी सूचना के अनुसार एक होंडा अमेज कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने गाड़ी को घुमाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन कार बड़े पत्थरों में जाकर फंस गई। इसके बाद आरोपी चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 40 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने शराब, कार और मोबाइल को जब्त कर आगे की अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना बिछीवाड़ा को सुपुर्द कर दिया है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि शराब तस्कर मुख्य राजमार्गों पर पुलिस की चौकसी से बचने के लिए आजकल अंदरूनी, कच्चे और जंगली रास्तों का उपयोग कर गुजरात में शराब की अवैध खेप पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन डीएसटी की सजगता के कारण तस्करों का यह प्रयास विफल रहा।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं त्वरित सूचना हेतु 'तीसरी आंख' मोबाइल व व्हाट्सएप नंबर 8690180022 जारी कर रखा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अवैध गतिविधि या अपराध की सूचना इस नंबर पर साझा कर सकता है। सूचना देने वाले नागरिक का नाम, पता और मोबाइल नंबर पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

