ड्रग्स फैक्ट्री की सूचना पर पहुंची डीएसटी को मिली नकली घी बनाने की फैक्ट्री, 870 किलो मिलावटी घी जब्त
बाड़मेर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले में ड्रग्स फैक्ट्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) को एक मकान में संचालित मिलावटी घी बनाने की फैक्ट्री मिली। सदर थाना क्षेत्र के सूरमल नगर रिंग रोड स्थित एक मकान में चल रही इस अवैध फैक्ट्री से पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने 870 किलो तैयार नकली घी, बड़ी मात्रा में पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, रिफाइंड तेल तथा घी निर्माण में उपयोग होने वाला अन्य कच्चा माल बरामद किया है। मामले में फैक्ट्री संचालक जितेंद्र जैन और तिलोक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार डीएसटी टीम को सूचना मिली थी कि रिंग रोड पर चामुंडा होटल के सामने स्थित एक मकान में अवैध रूप से ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा है। सूचना पर रविवार सुबह टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तलाशी के दौरान वहां ड्रग्स की जगह मिलावटी घी बनाने का पूरा सेटअप मिला। मकान के अंदर घी की पैकिंग मशीनें, मिक्सिंग मशीनें, बड़ी संख्या में घी के कार्टन और तैयार उत्पाद रखे हुए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बाजार और डेयरी से क्रीम खरीदकर उससे घी तैयार करते थे। इसके बाद घी में 30 से 35 प्रतिशत तक पाम ऑयल मिलाया जाता था। घी को असली जैसा दानेदार दिखाने के लिए विशेष वनस्पति उत्पाद मिलाया जाता था। मिश्रण को मशीनों में तैयार कर गर्म किया जाता और बाद में पैकिंग कर बाजार में लगभग 650 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा जाता था।
डीएसटी की सूचना पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। फूड इंस्पेक्टर राजेश कुमार जागिड़ ने बताया कि जांच के दौरान 870 किलो तैयार संदिग्ध घी, 1660 किलो पाम ऑयल, 360 किलो सोयाबीन तेल, 240 किलो रिफाइंड तेल, 75 किलो खारिया ब्रांड घी तथा करीब 370 किलो वनस्पति सामग्री बरामद की गई है, जिसका उपयोग घी को दानेदार बनाने में किया जाता था। मौके से तैयार घी और अन्य कच्चे माल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
कार्रवाई के दौरान मौके से ‘श्री शिव गौरी’ ब्रांड नाम से पैक किए गए घी के कार्टन भी बरामद हुए हैं। अधिकारियों को एक फर्म के नाम पर जीएसटी नंबर और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। अब यह जांच की जा रही है कि संबंधित लाइसेंस उत्पादन कार्य के लिए वैध था या नहीं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री करीब 25 से 30 दिन पहले ही शुरू की गई थी। फैक्ट्री में इस्तेमाल होने वाली मशीनें गुजरात के डीसा और अहमदाबाद से मंगाई गई थीं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितना मिलावटी घी बाजार में सप्लाई किया गया और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

