home page

नशे की हालत में हंगामा करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

 | 
नशे की हालत में हंगामा करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार, जमानत पर रिहा


शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह घटना सोमवार शाम की है, जब थाना रामपुर के अंतर्गत पिपटी नामक स्थान पर एक व्यक्ति द्वारा गाली-गलौच और शोर-शराबा करने की सूचना मिली। बताया गया कि आरोपी के व्यवहार से आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी और वह अभद्र व्यवहार कर रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने देविन्द्र सिंह (35 वर्ष) निवासी सरला-परोग के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण खनेरी अस्पताल में कराया गया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को आरोपी को उपमंडलीय दंडाधिकारी (नागरिक) रामपुर के समक्ष पेश किया गया।

अदालत ने आरोपी को 5000 रुपये के जमानत और मुचलके पर रिहा करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उसे 16 जून को दोबारा न्यायालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा