home page

शराब के नशे में जेई ने बाजार में चलाई गोली, रिवॉल्वर समेत गिरफ्तार

 | 
शराब के नशे में जेई ने बाजार में चलाई गोली, रिवॉल्वर समेत गिरफ्तार


नई दिल्ली, 10 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में एक युवक ने कथित तौर पर हवा में गोली चला दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लाइसेंसी .32 बोर की रिवॉल्वर, दो जिंदा और दो खाली कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा होल्स्टर में पांच अतिरिक्त जिंदा कारतूस भी मिले।

पुलिस के मुताबिक, घटना 10 सितंबर की रात करीब दो बजे की है। बीट स्टाफ को सूचना मिली थी कि बड़ा बाजार में एक सफेद रंग की बलेनो कार से पहुंचे व्यक्ति ने हवा में फायरिंग की है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार सवार गगनदीप सिंह (29) को पकड़ लिया।

पुलिस जांच में पता चला कि गगनदीप सिंह ओल्ड राजेंद्र नगर में रहता है और मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल का रहने वाला है। वह एनडीएमसी के एक प्रोजेक्ट में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की मेडिकल जांच में उसके रक्त में अल्कोहल का स्तर 235 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर पाया गया। शुरुआती जांच में फायरिंग की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस को आशंका है कि अत्यधिक शराब के नशे में आरोपी ने रिवॉल्वर से हवा में गोली चलाई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद रिवॉल्वर और सभी कारतूस जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हथियार लाइसेंसी है। मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अब हथियार के लाइसेंस का सत्यापन करने के साथ ही फायरिंग की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी