home page

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही मां की गला दबाकर की हत्या, गिरफ्तार

 | 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 05 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आवास के लिए आए पैसे को लेकर हुए विवाद में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही मां की गला दबाकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर आज गुरुवार को पोस्टमार्टम उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मरवाही थाना से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कटरा के धनुहारीटोला की 65 वर्षीय फूलमतिया बाई धनुहार की उनके बेटे दलबीर सिंह ने गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला के खाते में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए पैसे आए थे। आरोपित बेटा दलबीर सिंह उन पैसों और जमीन में ज्यादा हिस्सेदारी की मांग कर रहा था।

मृतक महिला ने आवास के लिए आए पैसे देने से इनकार कर दिया और जमीन परिवार के सभी सदस्यों में बराबर बांटने की बात कही थी। इसी बात को लेकर बेटा नाराज था। वहीं होली की देर रात शराब के नशे में मां-बेटे के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपित ने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मरवाही पुलिस ने आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल