home page

नशे में दबंग का हंगामा, पुलिसकर्मी की कार पर किया हमला, मुकदमा दर्ज

 | 
नशे में दबंग का हंगामा, पुलिसकर्मी की कार पर किया हमला, मुकदमा दर्ज


कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत देर रात नशे में एक दबंग युवक ने सड़क पर हंगामा करते हुए पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता की और उनकी कार पर ईंट से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बीच रास्ते हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि युवक को न तो कानून का डर था और न ही सामने मौजूद पुलिसकर्मी की पहचान का कोई असर पड़ा। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।

सूबेदार नगर में यह घटना सामने आई। हेड कॉन्स्टेबल प्रवल प्रताप सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पड़ोसी प्रियांशु उर्फ राजा ठाकुर नाम का युवक उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़ा हो गया। जब उसे हटने के लिए कहा गया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपित ने पास में पड़ी ईंट उठाकर कार पर दे मारी, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। घटना के समय युवक नशे में था।

इस दौरान आरोपित में कानून का कोई खौफ नहीं दिखा और सरेआम हंगामा करता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद पीड़ित पुलिसकर्मी की तहरीर पर बिठूर थाने में सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने शनिवार को बताया कि आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप