एजीटीएफ ने किया ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ : कर्ज चुकाने के लिए घर को बनाया मौत की लैब
जोधपुर, 03 अपै्रल (हि.स.)। जोधपुर में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में मकान की छत पर चल रही एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री पकड़ी है। एजीटीएफ ने मौके से 3.055 किलोग्राम एमडी ड्रग्स और 55 किलो 725 ग्राम घातक रसायन बरामद किए हैं। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन करोड़ रुपए आंकी गई है। साथ ही एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एजीटीएफ ने मंडली बालोतरा, हाल निवासी शंकर नगर, बनाड़ निवासी गणपतराम बेनीवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 12 लाख का कर्ज चुकाने के लिए सांचौर के तस्कर आसुराम उर्फ लक्की और भानू के साथ सौदा किया था। इसके लिए उसने अपने ही घर बेनीवाल सदन को जहर बनाने की लैब में तब्दील कर लिया था। जानकारी के अनुसार मौके से बरामद खतरनाक रसायनों से 60 किलो एमडी ड्रग्स तैयार करने की योजना थी।
बल्ब की रोशनी में बन रहा था जहर :
एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान एजीटीएफ को लगातर सूचना मिल रही थी कि जोधपुर शहर में माफियाओं द्वारा भारी मात्रा में ड्रग्स पैडलरों को एमडी ड्रग्स सप्लाई की जा रही है। इसी क्रम में एजीटीएफ के एएसआई राकेश जाखड़ को मिली गोपनीय सूचना पर एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई। सूचना पर टीम ने तुरंत जाल बिछाने की रणनीति तैयार की। इसके बाद एजीटीएफ, एटीएस, डीएसटी और बनाड़ थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में सुनसान इलाके में बने मकान की घेराबंदी की। जब टीम मकान की छत पर पहुंची तो वहां का नजारा देख हैरान रह गई।
बिजली के बल्ब की रोशनी में गद्दे पर एमडी ड्रग्स सुखाई जा रही थी। वहां रसायनों के ड्रम व इलेक्ट्रॉनिक चूल्हे बिखरे पड़े थे। मौके से 3.055 किलोग्राम निर्मित एमडी ड्रग्स, डाइक्लोरोमीथेन, मैक्स फाइन केम, डी-आयोनाइज्ड वाटर और ज्योति हाईड्रोटेक जैसे घातक केमिकल और इलेक्ट्रॉनिक चूल्हा, 9 बाल्टियां, स्टील के बर्तन और ड्रग्स सुखाने के उपकरण जब्त किए हैं।
कार्रवाई में यह शामिल रही टीम :
इस ऑपरेशन में एएसआई राकेश जाखड़ और कांस्टेबल सुमेर सिंह की विशेष भूमिका रही। तकनीकी सहयोग एएसआई रमेश कुमार यादव ने दिया। वहीं बनाड थानाधिकारी लेखराज और डीएसटी प्रभारी खेत सिंह की टीम ने मौके पर प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की तफ्तीश अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमृत लाल जीनगर को सौंपी गई है। पुलिस अब मुख्य सरगना आसुराम उर्फ लक्की और भाणु की तलाश में दबिश दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

