नाहन के कांशीवाला नशे कांड में उत्तराखंड से मुख्य सप्लायर काबू
नाहन, 06 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने नशा तस्करों के खिलाफ अपने अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बीते 3 अप्रैल को नाहन में दर्ज नशा तस्करी के एक मामले की गहन छानबीन के बाद अमल में लाई गई है।
विदित रहे कि बीते 3 अप्रैल को नाहन एसआईयू टीम ने एक युवक साबिर अहमद (निवासी कांशीवाला, नाहन) को रंगे हाथों दबोचा था। उसके कब्जे से ट्रामाडोल के 56 नशीले कैप्सूल और टपेन्डाडोल की 49 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की गई थीं। इस संदर्भ में पुलिस थाना नाहन में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुख्य आरोपी साबिर अहमद से पूछताछ और तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। जांच में सामने आया कि साबिर ये नशीली दवाएं उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र से खरीद कर लाया था। साक्ष्यों के आधार पर इस अवैध धंधे में मोहम्मद मुस्तफा उर्फ शोयब (25 वर्ष), निवासी डकरानी कॉलोनी, विकासनगर (देहरादून) की संलिप्तता स्पष्ट हुई।
सिरमौर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड के विकासनगर में दबिश दी। लंबी तलाश के बाद पुलिस ने 5 मई को आरोपी मोहम्मद मुस्तफा को डकरानी से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। जिला पुलिस के अनुसार बाहरी राज्य से मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी होना एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे नशीली दवाओं की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने में मदद मिलेगी।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोहम्मद मुस्तफा आगे किन लोगों से ये प्रतिबंधित दवाएं लेता था और उसके नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

