home page

अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी में शामिल आरोपी की निवारक हिरासत बढ़ी

 | 

शिमला, 16 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को ड्रग तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई में एक अहम कदम मिला है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी से जुड़े एक आरोपी की निवारक हिरासत अवधि को और बढ़ाने का आदेश जारी किया है।

मामले के अनुसार कोटखाई क्षेत्र के गांव मिहानी निवासी आर्यन को ड्रग तस्करी में संलिप्त पाए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार ने 23 जनवरी 2026 को अवैध व्यापार निवारण अधिनियम (पीआईटी एनडीपीएस एक्ट) 1988 के तहत तीन महीने की निवारक हिरासत में रखने का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद पुलिस ने 26 जनवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर शिमला के कैथू स्थित जिला उप-जेल में निरुद्ध कर दिया था।

इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज और जांच रिपोर्ट बाद में पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत गठित हिमाचल प्रदेश राज्य सलाहकार बोर्ड के सामने पेश किए गए। बोर्ड ने मामले से जुड़े रिकॉर्ड, शिमला पुलिस द्वारा प्रस्तुत तथ्यों और निरुद्ध आरोपी के पक्ष को सुनने के बाद पाया कि आरोपी ड्रग तस्करी की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के ड्रग तस्करों के साथ संपर्क थे। पुलिस की पड़ताल में आरोपी के बैंक खातों में करीब पच्चीस लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन का पता चला, जिनका संबंध इन राज्यों में सक्रिय ड्रग तस्करों से बताया गया है। इसके अलावा आरोपी के पास से बरामद मादक पदार्थ और बेरोजगार होने के बावजूद उसके खातों में बड़ी रकम का लेन-देन भी ड्रग तस्करी से जुड़े होने के संकेत देता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सलाहकार बोर्ड ने 23 जनवरी 2026 को जारी निरोध आदेश को सही ठहराया और आरोपी की हिरासत अवधि को अतिरिक्त 20 दिन बढ़ाने की सिफारिश की। इसके बाद बोर्ड की 27 फरवरी 2026 की राय के आधार पर हिमाचल प्रदेश सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) ने पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया कि आरोपी आर्यन को जिला उप-जेल कैथू, शिमला में प्रारंभिक तीन महीने की हिरासत अवधि पूरी होने के बाद भी अतिरिक्त 20 दिनों तक और निरुद्ध रखा जाएगा।

जिला पुलिस शिमला का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और अगर कहीं भी नशे के कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा