495 ग्राम चरस के साथ तीन गिरफ्तार
कुल्लू, 28 जून (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने भुंतर–मणिकर्ण मार्ग पर सिंऊड के समीप नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार से चरस बरामद की है। इस मामले में कार सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नशा तस्करी का मामला उस दौरान सामने आया जब एसटीएफ की टीम ने सिंऊड के पास रूटीन नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी (नंबर: एचपी 01के- 6974) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 495 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर कार सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि आरोपियों की पहचान दीनानाथ (30), निवासी गांव लाशणी, डाकघर छयांवर, तहसील भुन्तर, जिला कुल्लू, कुंवर सिंह (36), निवासी: गांव लाशणी, डाकघर छयांवर, तहसील भुन्तर, जिला कुल्लू, विवेक (26), निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई हैै।
पुलिस थाना भुंतर में आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस ड्रग सप्लाई चेन और तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

