home page

यमुनानगर में स्मैक तस्करी के मुख्य सप्लायर को पुलिस ने गिरफ्तार किया

 | 
यमुनानगर में स्मैक तस्करी के मुख्य सप्लायर को पुलिस ने गिरफ्तार किया


यमुनानगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-1 ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए सोमवार को मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

अपराध शाखा-1 के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांजूपुर नहर पुल के पास से शादीपुर निवासी इल्ताफ को 16 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ सहारनपुर जिले के गांव दुम्झेडा निवासी मुनशेद से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन तक पहुंच बनाई और मुख्य सप्लायर मुनशेद को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार