home page

रायपुर : नशीली टैबलेट सप्लाई करने वाली फरार महिला गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस की कार्रवाई

 | 
रायपुर : नशीली टैबलेट सप्लाई करने वाली फरार महिला गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के मामले में पुलिस की कार्रवाई


रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को नशीली प्रतिबंधित टैबलेट की सप्लायर बताई जा रही फरार महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला पिछले एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रही थी।

पुलिस के अनुसार, 4 मई 2026 को गोकुल नगर श्मशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अनीस और कपिल तिवारी को 73 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22-बी के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया था कि वे नशीली टैबलेट कबीर नगर निवासी मुस्कान रात्रे से लेकर लोगों को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की। फरार रहने के कारण उसके खिलाफ नियमानुसार न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया।

लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को मुस्कान रात्रे (27 वर्ष), पति प्रिंस यदु, निवासी हीरापुर, थाना कबीर नगर, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, कमिश्नरेट क्षेत्र में सूखे नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर