बलरामपुर : गांजा तस्कर गिरफ्तार, माेटरसाइकिल बैग से 1.10 किलो मादक पदार्थ बरामद
बलरामपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। बलरामपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में चौकी बरियों, थाना राजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में संलिप्त एक आरोपित को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 1.10 किलोग्राम गांजा, नगद राशि, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपित को कार्रवाई उपरांत आज गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में पुलिस से आज गुरुवार को प्राप्त विज्ञप्ति के अनुसार, 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल में गांजा लेकर बरियों, राजपुर और शंकरगढ़ क्षेत्र में बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौकी बरियों, थाना राजपुर, शंकरगढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर घेराबंदी की योजना बनाई गई।
घेराबंदी के दौरान ग्राम बधिमा में सादी वर्दी में तैनात पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपित ने अपना नाम व पता गलत बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना सही नाम उमेश कुमार गुप्ता (उम्र 40 वर्ष) निवासी ग्राम कोटया, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर होना स्वीकार किया।
तलाशी के दौरान आरोपित के पास मौजूद चेकदार थैले से भूरे रंग के प्लास्टिक पैकेट में पैक 1.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्लेटी रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल, आरोपित की निजी नगद राशि 22 हजार रुपये, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 27/2026 धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे आज गुरुवार को न्यायालय में न्यायिक रिमांड हेतु पेश किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

