home page

यमुनानगर : कलानौर बॉर्डर से 100 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर : कलानौर बॉर्डर से 100 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार


यमुनानगर, 13 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कलानौर बॉर्डर से एक युवक को 100 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने शुक्रवार को बताया कि टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक युवक उत्तर प्रदेश की ओर से कलानौर मार्ग के जरिए यमुनानगर क्षेत्र में नशीला पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित की और कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर जांच अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई अमित कुमार तथा अन्य कर्मचारी शामिल थे। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अंकित को बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान बलविंदर सिंह निवासी इंदिरा आवास कॉलोनी, यमुनानगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर यमुनानगर क्षेत्र में सप्लाई करता था। वह कब से इस गतिविधि में शामिल था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान आरोपी से जुड़े नेटवर्क और संभावित अन्य तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार