पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपित तीन घंटे में दोबारा गिरफ्तार, 4.93 ग्राम ड्रग्स बरामद
रायपुर, 11 नवंबर (हि. स.) । राजधानी रायपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौदहापारा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर उसे दोबारा पकड़ लिया। उसके कब्जे से 4.93 ग्राम ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर मंगलवार की शाम प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर ग्राहक तलाशने की सूचना पर थाना मौदहापारा और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई की जा रही थी। इसी बीच आरोपित अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और लगातार घेराबंदी करते हुए भागने के करीब तीन घंटे के भीतर काला मैदान के पास उसे दोबारा पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित की पहचान मुशर्फ कादरी (22 वर्ष), पिता मुख्तार खान, निवासी मौदहापारा के रूप में हुई।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाकर रखे गए पर्स से चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर बरामद किया। पैकेट सहित इसका कुल वजन 4.93 ग्राम पाया गया। आरोपित के बताए अनुसार यह एमडीएमए ड्रग्स है, जिसकी अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से नकदी, एक एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और डियो स्कूटी भी जब्त की है। आरोपित को गिरफ्तार कर थाना मौदहापारा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

