home page

किराए के मकान से ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

 | 
किराए के मकान से ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 06 जुलाई (हि. स.)। प्रधान नगर थाना पुलिस ने किराए के मकान से मादक पदार्थों का कारोबार चलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान सुजीत साह और प्रेम महतो के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड संख्या 46 स्थित प्रमोद नगर इलाके में एक किराए के मकान से नशीले पदार्थों की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सोमवार दोपहर पुलिस ने मकान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान 236 ग्राम ब्राउन शुगर और 36 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने का दावा किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों को मंगलवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि इस कथित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार