home page

अंबिकापुर : डेली नीड्स की दुकान में डीप फ्रीजर के पीछे गांजा बेच रहे पिता-पुत्र गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल जब्त

 | 
अंबिकापुर : डेली नीड्स की दुकान में डीप फ्रीजर के पीछे गांजा बेच रहे पिता-पुत्र गिरफ्तार, डेढ़ लाख का माल जब्त


अंबिकापुर, 07 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। अंबिकापुर कोतवाली थाना पुलिस ने केदारपुर नगर निगम पानी टंकी के सामने स्थित 'सोनू डेली नीड्स' दुकान पर दबिश देकर अवैध रूप से गांजा बेच रहे पिता-पुत्र को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 3 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

यह पूरी कार्रवाई मुखबिर की सटीक सूचना पर अमल में लाई गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनू डेली नीड्स का संचालक अपने बेटे के साथ मिलकर दुकान की आड़ में लंबे समय से गांजे की तस्करी और बिक्री कर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। दुकान पर दो व्यक्ति मौजूद मिले, जो पुलिस को देखकर घबरा गए और पूछताछ करने पर गोलमोल जवाब देने लगे। कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान शिवम सोनी उर्फ सोनू (28 वर्ष) और उसके पिता नरेश सोनी (56 वर्ष) के रूप में दी।

संदेह होने पर जब पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दुकान की सघन तलाशी ली, तो होश उड़ गए। आरोपितों ने गांजे को छिपाने के लिए शातिराना तरीका अपनाया था। दुकान के भीतर रखे डीप फ्रीजर के पीछे, विमल पान मसाला के एक कपड़े के झोले में गांजे को छिपाकर रखा गया था। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 3 किलोग्राम पाया गया, जिसे मौके पर ही सीलबंद कर जप्त कर लिया गया। आरोपितों का यह कृत्य धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय होने के कारण पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

नशे के खिलाफ इस सफल अभियान को सरगुजा पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद अंजाम दिया गया है, जिन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर पूर्ण अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी व निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सउनि देवनारायण यादव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनुराग वर्मा, महेश कुमार, आशी झा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक देवेंद्र पाठक और साइबर सेल से आरक्षक अनुज जायसवाल व अमन पुरी की भूमिका सराहनीय रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह