home page

रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ युवक गिरफ्तार, 127 प्रतिबंधित सिरप और कैप्सूल जब्त

 | 
रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ युवक गिरफ्तार, 127 प्रतिबंधित सिरप और कैप्सूल जब्त


रायपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। थाना डी.डी. नगर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री की तैयारी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 52 प्रतिबंधित नशीली सिरप और 75 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए हैं। जब्त दवाइयों की अनुमानित कीमत 9,920 बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी रॉबिन्सन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 27 जुलाई 2026 को थाना डी.डी. नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, रायपुरा स्थित गढ़ही तालाब के पास एक युवक बैग में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां लेकर बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है।

सूचना मिलते ही थाना डी.डी. नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपित को पकड़ लिया। आरोपित की पहचान छन्नू वर्मा (21 वर्ष) निवासी ग्राम जेते, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार तथा वर्तमान निवासी सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा, रायपुर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपित के बैग से 52 नग नशीली सिरप, 75 नग प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने प्रतिबंधित दवाइयों को जब्त कर आरोपित के खिलाफ थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) एवं 21(सी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अब मामले में प्रतिबंधित दवाइयों के स्रोत, अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर