यमुनानगर:नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क से जुड़े पांच गिरफ्तार
यमुनानगर, 22 फ़रवरी (हि.स.)यमुनानगर के एंटी नारकोटिक सेल ने दुर्गा गार्डन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी स्थानीय स्तर पर युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने के नेटवर्क का हिस्सा थे और इनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने रविवार काे बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कॉलोनी में सक्रिय कुछ लोग युवाओं को नशे की लत में धकेल रहे हैं। इन सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई गई। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद देर रात योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई, जहां से पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह का मुख्य संचालक बाहरी राज्य से प्रतिबंधित पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर अन्य साथियों के माध्यम से इसकी सप्लाई करता था। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि नशीला पदार्थ पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से लाया जाता था और शहर के विभिन्न इलाकों में छोटे स्तर पर वितरण किया जाता था। पुलिस का कहना है कि इस गतिविधि के कारण क्षेत्र के कई युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। सप्लाई चेन से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी ने कहा कि जांच में जिस भी व्यक्ति की भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

