home page

छह माह में अपराध घटे,ड्रग माफिया पर और सख्ती होगी: डीजीपी

 | 
छह माह में अपराध घटे,ड्रग माफिया पर और सख्ती होगी: डीजीपी


जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में पिछले छह माह का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए बताया कि प्रदेश में गंभीर अपराधों में 4.65 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस अपराध होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को प्राथमिकता देगी।

डीजीपी ने बताया कि 2025 की पहली छमाही के मुकाबले 2026 की समान अवधि में बीएनएस के तहत दर्ज मामले 99,272 से घटकर 94,652 रह गए। हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, अपहरण, दुष्कर्म, पॉक्सो तथा एससी-एसटी एक्ट के मामलों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। वहीं, पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते आबकारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वृद्धि दर्ज हुई है। उन्होंने बताया कि चोरी, लूट और नकबजनी के मामलों में बरामदगी का प्रतिशत भी काफी बढ़ा है। महिला सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोल यूनिट, एंटी रोमियो स्क्वॉड, ऑपरेशन गरिमा और ऑपरेशन खुशी को और प्रभावी बनाया गया है। पॉक्सो और दुष्कर्म मामलों में अनुसंधान अवधि भी घटाई गई है।

साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए सभी 41 पुलिस जिलों में साइबर थाने स्थापित किए गए हैं। आर-4-सी (R4C) और एआई आधारित 1930 कॉल सेंटर की स्थापना प्रक्रियाधीन है। अब तक 1.84 लाख गुम मोबाइल ट्रेस किए जा चुके हैं, जिनमें से 61 हजार से अधिक मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए हैं।

नशे के खिलाफ अभियान के तहत मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए कई मामलों में करोड़ों रुपये की अवैध संपत्तियां ध्वस्त की गई हैं। डीजीपी ने कहा कि भविष्य में बड़े ड्रग माफिया और गैंगस्टर्स की अपराध से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों तथा विदेशों में छिपे आरोपियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं एडीजी दिनेश एमएन ने एटीएस और एएनटीएफ की कार्रवाई की जानकारी दी, जबकि डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप ने छह माह की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान डीजी (प्रशिक्षण) अनिल पालीवाल सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश