home page

एसटीएफ ने पकड़ा अवैध बीयर से भरा ट्रक

 | 
एसटीएफ ने पकड़ा अवैध बीयर से भरा ट्रक


कुल्लू, 16 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने मंडी में मलारी फोरलेन टनल के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई बुधवार देर रात को अमल में लाई गई। एसटीएफ की टीम ने मलारी फोरलेन टनल के समीप नाका लगा रखा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रक (एचपी 65ए 3114) को चेकिंग के लिए रोका गया। जब टीम ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में बीयर की पेटियां बरामद हुईं।

ट्रक की चेकिंग के दौरान कुल 519 पेटियां बीयर (मार्का किंगफिशर और टुबोर्ग) बरामद की गईं। जब एसटीएफ टीम ने ट्रक चालक से इस खेप के संबंध में वैध कागजात या परमिशन लेटर दिखाने को कहा, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

एसटीएफ कुल्लू के पुलिस उप-अधीक्षक (डीएसपी) हेम राज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दस्तावेज न होने पर एसटीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 519 बॉक्स बीयर और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इस पूरी खेप और आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए सदर पुलिस थाना मंडी के सुपुर्द कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब की इतनी बड़ी खेप कहां ले जाई जा रही थी, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल, सदर थाना मंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह