home page

कुल्लू में नशा तस्करी का भंडाफोड़, 23 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवक और एक युवती गिरफ्तार

 | 

कुल्लू, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिला कुल्लू के थाना मणिकर्ण क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार थाना मणिकर्ण की पुलिस टीम शांगणा पुल के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक टैंपरेरी नंबर वाली कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार जिला रोहतक (हरियाणा) के तीन युवक और एक युवती के कब्जे से कुल 23 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। मामले में विस्तृत जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह