home page

यमुनानगर:यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर नशे की बड़ी खेप पकड़ी, मेडिकल स्टोर संचालक समेत चार गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर नशे की बड़ी खेप पकड़ी, मेडिकल स्टोर संचालक समेत चार गिरफ्तार


यमुनानगर, 27 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3600 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में दो युवकों को कार सहित गिरफ्तार किया गया, जबकि जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर संचालक समेत कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत से रिमांड हासिल किया गया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक सेल को सूचना मिली थी कि यूपी से एक ऑल्टो कार के जरिए प्रतिबंधित कैप्सूल यमुनानगर लाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने कलानौर बॉर्डर पर विशेष नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 3600 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान गांव टेही जाट्टान निवासी सूरजभान और रोहित के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप चिलकाना निवासी अनस मलिक से ली गई थी, जो मेडिकल स्टोर संचालित करता है और डी-फार्मा डिग्री धारक है। इसके बाद पुलिस ने अनस मलिक को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि यह प्रतिबंधित दवाइयां प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सर्वजीत को पहुंचाई जानी थीं। पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि चारों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार