home page

होटल में छापा, एलएसडी-कोकीन समेत नशीले पदार्थ बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
होटल में छापा, एलएसडी-कोकीन समेत नशीले पदार्थ बरामद, दो गिरफ्तार


कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवाबगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने होटल में छापेमारी कर एलएसडी, कोकीन समेत कई तरह के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं, जिससे शहर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

अपर पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में नवाबगंज पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एनआरआई सिटी गेट के पास स्थित एक होटल में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त हो रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश दी और मौके से दो आरोपितों को पकड़ लिया। उनकी पहचान मोहम्मद फरदीन निवासी जाजमऊ और मोहित जायसवाल निवासी फजलगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपितों के कब्जे से 0.15 ग्राम एलएसडी, 23.47 ग्राम गांजा, 5.49 ग्राम चरस, 0.60 ग्राम हशीश और 1.19 ग्राम कोकीन बरामद हुई। इसके अलावा 5 क्रशर, एक पैकेट स्मोकिंग फिल्टर, चार पैकेट स्मोकिंग पेपर, दो मोबाइल फोन और 49,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि आरोपित नशीले पदार्थों के सेवन और सप्लाई दोनों में शामिल थे।

जांच में सामने आया कि दोनों शातिरों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले से ही पुलिस के रडार पर थे। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि “नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप