home page

ऑटो मोबाइल्स दुकान की आड़ में नशीली गोलियों का व्यापार

 | 
ऑटो मोबाइल्स दुकान की आड़ में नशीली गोलियों का व्यापार


जोधपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। जोधपुर ग्रामीण की डीएसटी और बोरूंदा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली गोलियों के कारोबार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने ऑटोमोबाइल्स दुकान की आड़ में अफीम से बनी नशीली गोलियों की तस्करी करने वाले शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपित से भारी मात्रा में 32 हजार 284 अफीम निर्मित नशीली गोलियां जब्त की गई हैं।

पुलिस मुख्यालय और जोधपुर रेंज आईजी द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसपी पंकज यादव के निर्देशन व एएसपी भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। डीएसटी प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया को एएनटीएफ नागौर के निरीक्षक इमरान खान से इनपुट मिला था।

इस सूचना के आधार पर डीएसटी और बोरूंदा पुलिस की टीम ने कस्बे स्थित टाक ऑटोमोबाइल्स पन्नालाल एंड नारायणलाल संस पर दबिश दी। पुलिस टीम ने गुलशन कॉलोनी बोरूंदा निवासी दुकान मालिक पन्नालाल पुत्र नारायणलाल टाक कलाल की ऑटोमोबाइल्स दुकान और रिहाइशी मकान पर एक साथ दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से अफीम से बनी 32 हजार 284 नशीली गोलियों का जखीरा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपित पन्नालाल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पुलिस थाना बोरूंदा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पीपाड़ शहर थानाधिकारी को सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश