home page

वीडियो बनाने से रोकने पर ग्रामीणों पर चढ़ाई कैंपर, महिला घायल, चालक हिरासत में

 | 
वीडियो बनाने से रोकने पर ग्रामीणों पर चढ़ाई कैंपर, महिला घायल, चालक हिरासत में


नागौर, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के खींवसर थाना क्षेत्र स्थित ताडावास गांव में सोमवार को ग्रामीणों की बैठक के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बैठक का वीडियो बनाने से मना करने पर कथित रूप से नाराज हुए तीन युवकों ने कैंपर वाहन भीड़ की ओर दौड़ा दिया। घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि एक बच्ची को भी चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार सोमवार को ताडावास गांव के मुख्य चौक में विभिन्न समाजों के लोग स्थानीय समस्याओं को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान घनश्याम पुत्र रामनिवास फिड़ौदा, सुरेश पुत्र पूसाराम और रामनिवास पुत्र डाबरराम फिड़ौदा कैंपर वाहन लेकर वहां पहुंचे और बैठक का वीडियो बनाने लगे। ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध करने पर तीनों युवक कथित रूप से नाराज हो गए।

खींवसर थाना के एएसआई हरेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने तेज रफ्तार में कैंपर भीड़ की ओर दौड़ा दी। वाहन ने पहले वहां खड़ी 5 से 7 मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी और फिर एक बिजली के पोल से जा टकराया। पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद करंट फैलने की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना में छोटी पत्नी अमीर खां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका एक हाथ टूट गया। वहीं एक बच्ची को भी चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि लोग समय रहते वहां से नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।

मामले में ताडावास निवासी नथूराम पुत्र भागीरथ जाट की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शाम को कैंपर चालक घनश्याम पुत्र रामनिवास को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित