मवेशियों को बचाने में सरिए से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर गंभीर घायल
हरदा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के बैतूल रोड पर टेमागांव के पास सोमवार सुबह मवेशियों को बचाने के प्रयास में सरिए से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक राजस्थान के बाड़मेर निवासी थानाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 1033 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार थानाराम ओडिशा से ट्रक में सरिया भरकर गुजरात जा रहा था। टेमागांव के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक थानाराम को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर आरोप लगाए। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने के लिए करीब आधे घंटे तक 108 एंबुलेंस को कॉल किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कॉल ट्रांसफर किए जाने के बाद 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने हाईवे पर हादसा होने का हवाला देते हुए मौके पर आने से इन्कार कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने 1033 एंबुलेंस को सूचना दी। 1033 एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने के बाद घायल थानाराम को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से करने की बात कही है। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की मांग भी की है। हालांकि, 108 एंबुलेंस के मौके पर नहीं पहुंचने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani

