पीईएमटी के दौरान दौड़ते समय अचानक गिरा युवक, अस्पताल में मौत
नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (डीपीए) में सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईएमटी) के दौरान 23 वर्षीय युवक की अचानक गिरने से मौत हो गई। युवक दौड़ पूरी करने के दौरान ट्रैक पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्टाफ ने उसे प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद पीसीआर वैन से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार पूर्वाह्न करीब 11:11 बजे सोनिया विहार थाना पुलिस को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि डीपीए वजीराबाद से एक युवक को पीसीआर वैन के जरिए आपातकालीन विभाग में लाया गया है। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सौरभ कुमार (23) के रूप में हुई है। वह लच्छी सिंह का पुत्र और उत्तर प्रदेश के अनूपशहर के गांव सलामतपुर स्थित नेता नगर का निवासी था। पुलिस के अनुसार, सौरभ डीपीए वजीराबाद में आयोजित पीईएमटी में शामिल होने आया था। दौड़ के दौरान वह अचानक ट्रैक पर गिर गया। स्टाफ ने उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी और पीसीआर वैन से जेपीसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। सोनिया विहार थाना पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

